नाज्का, पेरू के रेगिस्तानी इलाके में एक जगह। यह जगह जमीन के बेहद सूखे रेगिस्तानों में से एक मानी जाती है। पत्थर तथा बालू से भरी इस मरुभूमि में मीलों तक अजीबोगरीब रेखाएं, आकृतियां और डिजाइन बने हैं, जो पिछले ५० से भी अधिक वर्षों से संसार के लिए रहस्य बने हुए हैं। दुनिया के हजारों पुरातत्वविद, खगोलशास्त्री, भूगर्भशास्त्री और गणितज्ञ इस रहस्य को जानने की खोज में लगे हुए हैं।

इनमें कुछ कोणात्मक डिजाइन हैं तो कुछ ज्यामितिक जैसी लगती हैं। आकृतियों में अनेक पशु-पक्षियों के आकार भी हैं। कई रेखाएं सांप की तरह लगती हैं। इस तरह की रेखाओं को नाज्का रेखाएं कहा जाता है। वैसे पुरानी सभ्यता के अवशेषों की जानकारी पेरू से मिल चुकी है, मगर इन रेखाओं की गुत्थी अभी तक सुलझ नहीं पाई। नाज्का रेखाओं में ऐसे जीव-जंतुओं के आकार-प्रकार और मनुष्यों की आकृतियां हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि यहां सदियों पहले किसी उन्नत सभ्यता का अस्तित्व रहा होगा।

अब तक के अध्ययनकर्ताओं में पहला नाम आता है ८१ साल की जर्मन गणितज्ञ मारिया रीच का। उन्होंने नाज्का रेखाओं के रहस्य को प्रकट करने में किसी अन्य शोधकर्ता से कई गुना ज्यादा सफलता पाई है। आज भी गणितज्ञ मारिया रीच झुलसाने वाली धूप में छोटी-सी प्रयोगशाला के उपकरणों में खोई रहती हैं। दुबली-पतली बूढ़ी मारिया रीच को पेरू की रेगिस्तानी हवाओं के अलावा अब कुछ लोगों से भी मुलाकात हो जाती है।

“अभी भी काफी कुछ जानना बाकी है, क्योंकि कई आकृतियां ठीक-ठीक पढ़ी नहीं जा सकी हैं।” ये शब्द हैं मारिया रीच के। उनकी सुविधा के लिए पेरू की सरकार ने आजीवन भोजन, आवास और शोध के लिए अपेक्षित जरूरतों को पूरा करने का जिम्मा लिया है। मारिया रीच का दावा है कि नाज्का की रेखाएं और आकृतियां भारतीय पूर्वजों ने बनाई हैं। उनके अनुसार यह बात भारतीयों के दिमाग में तब पहुंचानी चाहिए कि ये रहस्य भारत की प्राचीन सभ्यता की देन हैं, ताकि संसार के सामने पड़े इस सवाल का जवाब ढूंढने की कोशिश हो सके। लेकिन यह हमारा दुर्भाग्य ही है कि अभी तक भारत सरकार या भारत के पुरातत्वविदों और भूगर्भ विशेषज्ञों के कानों तक मारिया रीच की आवाज नहीं पहुंची है, जबकि दूसरे देशों के पुरातत्वविद बराबर मारिया रीच की मदद करने नाज्का पहुंच रहे हैं।

नाज्का रेखाएं पेसिफिक सागर में एंडेस पहाड़ी के बीच छह मील चौड़े रेगिस्तान में हैं, जो दक्षिणी पेरू और उत्तरी चिली के बीच पड़ता है। नाज्का ने कई भयंकर तूफान और बवंडर झेले। पत्थरों पर खुदी ये रेखाएं और आकृतियां एक साथ काष्ठ कला, कुम्हार कला और पाषाण कला के नमूने पेश करती हैं, जो “इंका” सभ्यता से भी पूर्व की मानी गई हैं। पेरू के इसी इलाके में १००० ईपू के आसपास “इंका” नामक एक विशाल साम्राज्य का उदय हुआ था।

कुल ३० आकृतियां हैं, जो बड़ी सावधानी और काफी सोच-समझकर एक निश्चित योजना से उकेरी गई हैं। कुछ आकृतियां बंदर के आकार की हैं, दो विशाल मकड़े जैसी हैं, एक उल्लू सरीखे दैत्याकार आदि मानव की है। मानवों, हाथों, फूलों आदि का बोध कराने वाली आकृतियां भी हैं। अधिकांश जानवरों की आकृतियां १०० से ४०० फुट लंबी हैं। एक गिद्ध जैसा पक्षी ९०० फुट लंबा पाया गया है। सौ से भी ज्यादा रेखाएं तीन मील की दूरी तक फैली हैं और इतनी सीधी हैं कि १९६८ में “स्मिथसोनियन एस्ट्रोफिजिकल आब्जर्वेटरी टीम” को मील मात्र ४ यार्ड का फर्क नजर आया।

रेखाएं खजूर के पेड़ों की डालियों जैसी हैं। इनकी गहराई ३ से ४ इंच है और चौड़ाई ४ से १८ इंच के बीच। इनकी सतह भूरे पत्थरों से बनी है, नीचे पीली धूल है। सदियों से प्राकृतिक आपदाओं को झेलते हुए भी प्राचीन नमूने स्थिर और अविचलित हैं। नाज्का में धूल भरी आंधी और तूफान साल में कई-कई बार उठते हैं। पत्थरों को भारी लोहे और चिपकने वाले जिप्सम से इस तरह बैठाया गया है कि वे अपनी जगह से टस से मस नहीं होते। गर्म हवा और तपती बालू से अभी तक रेखाओं को नुकसान नहीं हो पाया है। बारिश की बौछार से भी टूटने की कोई संभावना नहीं है, क्योंकि साल भर में मुश्किल से एक चौथाई इंच बारिश यहां होती है।

नाज्का रेखाओं को सबसे ज्यादा नुकसान लोगों ने पहुंचाया है। १९३९ में अमेरिकी सरकार का ध्यान इस पर गया। हवाई जहाज उतरने के अड्डे बनाए गए। पत्थरों और शिलाओं को काटकर समतल बनाया गया ताकि कार, जीप आदि वहां पहुंच सकें। तमाम तोड़-फोड़ और निर्माण की कार्रवाइयों के दौरान हालांकि पुरातत्व और अन्य विषयों के पहुंचे हुए लोग मौजूद थे। अपनी समझ से इन लोगों ने काफी सावधानी से काम लिया, फिर भी एक तेंदुए की आकृति को नष्ट होने से नहीं बचाया जा सका।

पेरू के पुरातत्वविदों को सबसे पहले १९२६ में नाज्का रेखाओं का पता चला। पहली बार नाज्का रेखाओं के बारे में संसार को अमेरिकी पुरातत्वशास्त्री पॉल कोसोक ने बताया। वे उन दिनों वाशिंगटन विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थे। इन्होंने हवा की दिशा तय करने वाली कुछ नाज्का जैसी रेखाएं कागज पर उतारीं और खत्म होते ही पाया कि सारी रेखाएं मिलकर एक हो गई हैं। उनका आकार एक भयकर राक्षसनुमा पक्षी में बदल गया है। देखते ही पॉल कोसोक का माथा चकराया। पर मारिया रीच ने अनुमान लगाया है कि कुछ अदृश्य शक्तियों का प्रभाव है, जिससे यहां के प्राचीन निवासी परिचित थे। मगर ये अदृश्य शक्तियां क्या हैं, कैसी हैं, इस संबंध में फिलहाल कुमारी रीच भी चुप हैं। दर्जनों पुरातत्ववेत्ता, भूगर्भशास्त्री मारिया रीच के साथ खोज में लगे हुए हैं।

१५०० में स्पेन विजय के बाद इस प्रदेश में भयंकर रूप से लूटपाट फैली, जिसमें अनेक जानें गईं। लूटपाट और धन-संपत्ति के लिए स्पेनी कौम ने आदिवासियों के धार्मिक स्थलों को नष्ट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लोगों ने अनगिनत कब्रें खोद डालीं और शव के साथ बहुमूल्य कपड़े, सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और प्रतिमाएं चुराकर ले गए। तब की प्रथा के अनुसार शव के साथ वे सारे सामान दफन किये जाते थे, जिनका इस्तेमाल मरने वाला जीवित अवस्था में करता था।

मारिया रीच का कहना है कि भारत के पूर्वज नापने के लिए ३८ सेमी लंबे एक रॉड का इस्तेमाल करते थे और उससे चाहे जिस किसी भी कोण से रेखा खींची जाती थी, उसका गुणनफल १५ के कोण के बराबर ही होता था।

मारिया रीच ने इन रेखाओं और आकृतियों को खगोलशास्त्रीय कैलेंडर भी माना है। खगोलविद और पुजारी सूर्य, चंद्रमा तथा नक्षत्रों की गतिविधियों की जानकारी के लिए इन रेखाओं का इस्तेमाल करते थे। नक्षत्रों की गतिविधियों के आधार पर वर्षा, भूकंप, अच्छी और बुरी फसलों के विषय में भविष्यवाणी की जाती थी। कुछ सीधी रेखाएं बताती हैं कि २१ जून और २१ दिसंबर को सूर्योदय और सूर्यास्त कब और कहां होगा; ये दोनों तिथियां वर्ष में महत्वपूर्ण मानी जाती थीं। मारिया रीच का अनुमान है कि ये रेखाएं इन्हीं दो तिथियों को खींची गई होंगी। इनकी दिशा दक्षिण से पश्चिम की है। सूर्य की गतिविधि जानने के लिए दूसरी रेखाएं प्रयुक्त होती होंगी, जिनकी दिशा उत्तर-दक्षिण है। उर्ध्वमुखी रेखाओं का आरंभिक बिंदु चंद्रमा है, जो बीच से और पीछे से आधी मुड़ी हैं।

ब्रिटेन के खगोलशास्त्री गेराल्ड एस. हाकिन्स ने १९६८ में स्मिथसोनियन अध्ययन दल के साथ १८६ रेखाओं पर कम्प्यूटर का प्रयोग किया और पाया कि मात्र ३० रेखाएं ऐसी हैं जिनका मुंह पिछले ७००० वर्षों से सूर्य, चंद्रमा और तारों की ओर है।