निकारागुआ में नवम्बर में होने वाले चुनाव हैं। समूचे राज्य में बड़ी सरगर्मी है। चारों ओर चहल-पहल है। नेताओं की बेतहाशा दौड़-भाग शुरू हो गई है। इस बार का चुनाव पिछले चुनावों से कुछ अलग-थलग जान पड़ता रहा है, क्योंकि तीन सैंडिनिस्टा-विरोधी पार्टियों ने खुले आम चुनाव में भाग लेने से इंकार कर दिया है। चुनाव अधिकारियों के लिये एक विचित्र समस्या खड़ी हो गई है। ज्यों-ज्यों चुनाव नजदीक आता जाता रहा है, उनकी उलझन बढ़ती जा रही है। ये तीनों पार्टियां विधिवत कानूनी मान्यता-प्राप्त हैं और उनका चुनाव से अलग हो जाना चुनावी राजनीति में एक महत्वपूर्ण मानी रखता है। इन पार्टियों द्वारा ऐसी घोषणा किये दो महीने हो चुके हैं।

इसमें दो तरह की बातें सुनने में आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि चुनाव अधिकारियों ने ही कतिपय अपरिहार्य कारणों से इन तीनों सैंडिनिस्टा-विरोधी पार्टियों को चुनाव के लिये अवैध ठहरा दिया है और चुनाव लड़ने की अनुमति ही नहीं दी है। कुछ लोग इन तीनों पार्टियों द्वारा चुनाव के बहिष्कार किये जाने की बात को सही मान रहे हैं। जो भी हो, इतना तो स्पष्ट है कि तीन पार्टियां और उनके अनाधिकारी राष्ट्रपति पद उम्मीदवार आर्ते वोसे क्रुज को खुलेआम सड़कों पर जुलूस निकालने या चुनाव अभियान में हिस्सा लेने का अधिकार नहीं है।

संविद के नेता जिन लोगों ने सारी बिखरी पार्टियों को मिलाकर एक किया है और उनके व्यापार तथा श्रम संगठनों की ओर से साथ देने वाले साथियों का कहना है कि आने वाले सप्ताह वे लोग विदेश यात्रा पर व्यतीत करेंगे ताकि सैंडिनिस्टा सरकार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव डालने के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सके। क्रुज और दो अन्य विरोधी दलों के नेताओं ने साथ-साथ कुछ लातिनी अमरीकी देशों की यात्रायें की हैं, जहां कोस्टारिका, वेनेजुएला, कोलम्बिया और इक्वेडोर के राष्ट्रपतियों द्वारा इनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इन राष्ट्राध्यक्षों ने इनके प्रति गहरी सहानुभूति दिखाई और अपनी ओर से हर प्रकार की मदद का आश्वासन दिया। वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने तो हवाई अड्डे पर ही सैंडिनिस्टा सरकार के बारे में सुनने के बाद काफी खरी-खोटी सुनाई।

क्रुज और इसके साथ वाली तीनों विरोधी पार्टियां तब तक चुनाव में भाग लेने के विषय में पुनर्विचार करने को तैयार नहीं है, जब तक कि निकारागुआ की सत्तारूढ़ सैंडिनिस्टा सरकार दर्जनों राजनीतिक बंदियों को रिहा नहीं कर देती, चुनाव पर नजर रखने के लिये विदेशी प्रेक्षकों को अनुमति नहीं देती और संवैधानिक ढांचे में आवश्यक परिवर्तन किये जाने का आश्वासन नहीं दे देती।

सैंडिनिस्टा सरकार स्वतंत्र और स्वच्छ चुनाव होने देगी, इसमें उन्हें संदेह है। क्रुज समर्थकों के अनुसार राजनीतिक बंदियों की रिहाई के बिना चुनाव अभियान में साथ देने वाले साथी जेलों में बंद हैं। इनका कहना है कि इस प्रकार के चुनाव को अवैध ठहराना आसान है और सैंडिनिस्टा सरकार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव देकर राजनीतिक ढील देने को मजबूर किया जा सकता है।

अधिकारियों द्वारा निर्धारित रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख को बीते महीने हो गये। मगर यही एक-डेढ़ महीने पहले सैंडिनिस्टा द्वारा फरमान जारी किया गया कि क्रुज अगर चाहे तो इतना समय बीत जाने के बावजूद भी उन्हें रजिस्ट्रेशन कराने की अनुमति विशेष परिस्थितियों में ही दी जा सकती है।

“ऐसे मुद्दे पर, हमारे लिये चुनाव में भाग लेना असंभव प्रतीत होता है”—यह कथन है लुइस रिवास लीबा का, जो संयुक्त विरोधी दल के अध्यक्ष हैं। ये आगे कहते हैं—“सरकार ने निष्पक्ष चुनाव कराने के लिये कोई पूर्व शर्त नहीं रखी है।”

सैंडिनिस्टों को अभी छह पार्टियों का मुकाबला करना है। इनमें तीन छोटी-छोटी मार्क्सवादी लेनिनवादी पार्टियां हैं, एक छोटी लोकप्रिय सोशल क्रिश्चियन पार्टी है और दो अन्य पार्टियां हैं ट्रेडिशनल और कंजर्वेटिव पार्टियां।

क्रुज का साथ देने वाली पार्टियों का कहना है कि मिला-जुला संयुक्त दल एकदम नितांत विरोधी दल समूह है और बिना इनके भाग लिये चुनाव कराने का कोई अर्थ नहीं है। मगर सैंडिनिस्टा अधिकारीगण इनकी ताकत को कम करके बताते हैं। सैंडिनिस्टा के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डेनियल ओर्टेगा सावेद्रा ने अपने एक वक्तव्य में कहा है कि सारी विरोधी पार्टियां अमरीका खुफिया विभाग सी.आई.ए. के कड़े अनुशासन के अन्दर हैं।

सैंडिनिस्टा अभियान दल के वरिष्ठ कार्यकर्ता जियोकोंडा बेली ने एक साक्षात्कार में कहा कि क्रुज समर्थकों ने अपनी मांगों का इतना लंबा चिट्ठा हमारे सामने रख दिया है, जिसे हम किसी भी हालत में पूरा नहीं कर सकते। वैसे भी इन पर कई अभियोग हैं। कुमारी बेली के अनुसार संयुक्त विरोधी दल और क्रुज समर्थकों ने विदेशों में अपने बारे में भ्रांतियां फैला रखी हैं।

विजिलियो गोडोय रेयेस, जिन्होंने पिछले वर्षों श्रम मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था और अब स्वतंत्र उदारवादी उम्मीदवार हैं, सेन्ट्रो में एक विशाल भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश अभी गरीबी, भुखमरी और बेकारी की समस्या से भीषण रूप से घिरा हुआ है। इसके लिये एकमात्र सैंडिनिस्टा जिम्मेदार है, जिसने इन समस्याओं से देश को छुटकारा दिलाने का वादा किया था और एक ही प्रतिज्ञा आज तक पूरी की है। ओर्टेगा और उनके साथ खड़े होने वाले साथी सर्जियो रामिरेज मर्काडो, जो दोनों सत्तारूढ़ जनता के सदस्य हैं, इन दोनों ने भी इधर देश के विभिन्न भाग में घूमकर कई जगह रुक-रुक कर लोगों को सैंडिनिस्टा की उपलब्धियों और नई-नई चालू विकास योजनाओं के बारे में लोगों को बताया है।

१९७९ से अब तक सैंडिनिस्टा को पांच साल पूरे हो रहे हैं। इन पांच सालों में न तो विरोधी दलों को कुछ बोलने की आजादी गई, न ही प्रेस को नियंत्रण से मुक्त रखा गया। पूरे देश में आपात स्थिति जैसा वातावरण कायम रहा।

विदेशी प्रेस वालों को प्रवेश की अनुमति बड़ी मुश्किल से मिली थी। अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे कभी-कभी मानवाधिकार दल को देश के अन्दर जाने तो दिया गया अवश्य, मगर कोशिश यही रही कि असलियत न मालूम होने दिया जाये। आज भी जबकि स्वतंत्र चुनाव कराने का डिंडोरा पीटा जा रहा है, मगर उतनी ही ढील दी गई है, उसका उपयोग ला प्रेंसा का संपादक सैंडिनिस्टा के पिछले चार सालों से लगातार किये जा रहे अत्याचार की कहानी उगलने के लिये कर रहा है। ला प्रेंसा ने क्रुज को देश के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में छवि बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

सैंडिनिस्टा चुनाव सिर्फ अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिये करवा रहा है मगर वह कभी नहीं चाहेगा कि सत्ता की बागडोर इसके हाथ से छिन जाये, इसलिये यह इंतजाम भी उसके मन में है। अतएव निकारागुआ का चुनाव नवम्बर में ही होने वाले साल्वाडोर के चुनाव जैसा होगा, ऐसा प्रतीत होता है। प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जो चुनाव सरकार के नियंत्रण में होगा, उसके विषय में निष्पक्षता की बात सोचना फिजूल है।